कक्षा 6 विज्ञान पाठ  4 पास-पड़ोस में होने वाले परिवर्तन के नोट्स ,प्रश्न उत्तर और अभ्यास कार्य

पाठ 4  पास-पड़ोस में होने वाले परिवर्तन के नोट्स 

परिवर्तन क्या है? वस्तु की अवस्था, आकार, रंग, स्वाद एवं गंध तथा प्रकृति में निरन्तर होने वाले बदलाव को ‘परिवर्तन’ कहते हैं। कुछ परिवर्तन स्वतः (अपने आप) होते हैं और कुछ मानव द्वारा किए जाते हैं।

परिवर्तनों के प्रकार (Types of Changes)

  1. मंद एवं तीव्र परिवर्तन:

    • मंद (धीमा): जिन्हें पूरा होने में अधिक समय लगता है (जैसे- दूध से दही जमना, बच्चों का बढ़ना, लोहे में जंग लगना)।

    • तीव्र (तेज): जिन्हें पूरा होने में बहुत कम समय लगता है (जैसे- गुब्बारे का फूटना, माचिस का जलना)।

  2. अनुकूल तथा प्रतिकूल परिवर्तन:

    • अनुकूल: उपयोगी तथा लाभदायक परिवर्तन (जैसे- खाना पकाना, फलों का पकना)।

    • प्रतिकूल: अनुपयोगी तथा हानिकारक परिवर्तन (जैसे- रोटी में फफूंद लगना, दूध का फटना)। (नोट: एक ही परिवर्तन कभी अनुकूल तो कभी प्रतिकूल हो सकता है, जैसे फसल के समय वर्षा अनुकूल है, पर पकने के बाद प्रतिकूल)।

  3. नियमित तथा अनियमित परिवर्तन:

    • नियमित: जो निश्चित समय पर लगातार होते हैं (जैसे- ऋतुओं का बदलना, दिन-रात होना)।

    • अनियमित: जिनका समय निश्चित नहीं होता (जैसे- आँधी, भूकम्प, ज्वालामुखी का फूटना)।

  4. प्रत्यावर्तित तथा अप्रत्यावर्तित परिवर्तन (उत्क्रमणीय / अनुत्क्रमणीय):

    • प्रत्यावर्तित: परिस्थितियाँ उलट देने पर पदार्थ वापस अपनी पूर्व अवस्था में आ जाता है (जैसे- गुब्बारे का फूलना और पिचकना, रबर खींचना)।

    • अप्रत्यावर्तित: पदार्थ पुनः अपनी पूर्व अवस्था में नहीं लाया जा सकता (जैसे- दूध से दही बनना, मोमबत्ती का जलना, रोटी सेंकना)।

  5. भौतिक तथा रासायनिक परिवर्तन:

    • भौतिक परिवर्तन: पदार्थ का रूप बदल जाता है परन्तु कोई नया पदार्थ नहीं बनता और पूर्व स्थिति पुनः प्राप्त की जा सकती है (जैसे- नमक का पानी में घुलना, मोम का पिघलना)।

    • रासायनिक परिवर्तन: एक या एक से अधिक नया पदार्थ बनता है जिसके गुण मूल पदार्थ से भिन्न होते हैं (जैसे- लकड़ी का जलना)।

  6. प्राकृतिक तथा कृत्रिम परिवर्तन:

    • प्राकृतिक: प्रकृति में स्वतः होने वाले परिवर्तन (जैसे- वर्षा, दिन-रात)।

    • कृत्रिम: मनुष्यों द्वारा किए गए परिवर्तन (जैसे- लकड़ी से मेज बनाना, घर बनाना)।

  7. नियंत्रित तथा अनियंत्रित परिवर्तन:

    • नियंत्रित: जिन पर हमारा नियन्त्रण रहता है (जैसे- पंखे की गति कम-ज्यादा करना)।

    • अनियंत्रित: जिन पर हमारा कोई नियन्त्रण नहीं रहता (जैसे- बादलों का आना, तूफान)।

  8. जटिल परिवर्तन:

    • बहुत धीमी गति से और लम्बी जटिल क्रियाओं के फलस्वरूप होने वाले परिवर्तन (जैसे- कोयला और पेट्रोलियम का निर्माण, शरीर में पाचन और श्वसन)।

परिवर्तन में होने वाली आपसी प्रतिक्रियाएँ: दो या अधिक पदार्थ आपस में क्रिया करके एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं। जैसे- ब्लेड से पेन्सिल छीलने पर पेन्सिल छिल जाती है और ब्लेड की धार कुन्द (कम) हो जाती है।

परिवर्तन के लिए ऊर्जा की आवश्यकता: परिवर्तनों के लिए विभिन्न प्रकार की ऊर्जाओं की आवश्यकता होती है:

  • ऊष्मीय ऊर्जा: एल्कोहल का वाष्पित होना।

  • यांत्रिक (पेशीय) ऊर्जा: साइकिल चलाना, रबर खींचना।

  • सौर ऊर्जा: सोलर कुकर में खाना पकना, धूप में पानी का वाष्पन।

  • ध्वनि ऊर्जा: तेज ध्वनि से शीशे चटकना।

  • चुम्बकीय ऊर्जा: लोहे की वस्तुओं को चुम्बक से उठाना।


  पाठ पर आधारित प्रश्न-उत्तर 

प्रश्न 1: परिवर्तन किसे कहते हैं?

उत्तर: वस्तु की अवस्था, आकार, रंग, स्वाद, गंध तथा प्रकृति में निरन्तर होने वाले बदलाव को परिवर्तन कहते हैं।

प्रश्न 2: मंद परिवर्तन क्या है? इसके दो उदाहरण दें।

उत्तर: जब किसी परिवर्तन के सम्पन्न होने में अधिक समय लगता है तो उसे मंद (धीमा) परिवर्तन कहते हैं। उदाहरण: लोहे में जंग लगना और बच्चों का बढ़ना।

प्रश्न 3: तीव्र परिवर्तन किसे कहते हैं?

उत्तर: जब किसी परिवर्तन के सम्पन्न होने में बहुत कम समय लगता है तो उसे तीव्र परिवर्तन कहते हैं। जैसे: माचिस का जलना और गुब्बारे का फूटना।

प्रश्न 4: अनुकूल परिवर्तन से क्या आशय है?

उत्तर: हमारे जीवन के लिए उपयोगी तथा लाभदायक परिवर्तन अनुकूल परिवर्तन कहलाते हैं। जैसे: फलों का पकना।

प्रश्न 5: क्या वर्षा का होना हमेशा अनुकूल परिवर्तन होता है?

उत्तर: नहीं। फसल तैयार होते समय वर्षा का होना अनुकूल है, परन्तु फसल पक जाने के बाद वर्षा का होना एक प्रतिकूल (हानिकारक) परिवर्तन बन जाता है।

प्रश्न 6: नियमित परिवर्तन क्या है?

उत्तर: निश्चित समय पर लगातार होते रहने वाले परिवर्तन नियमित परिवर्तन कहलाते हैं। जैसे: दिन और रात का होना।

प्रश्न 7: अनियमित परिवर्तन के कुछ उदाहरण बताएँ।

उत्तर: आँधी, तूफान, बाढ़, सूखा और भूकम्प का आना अनियमित परिवर्तन हैं क्योंकि इनका कोई निश्चित समय नहीं होता।

प्रश्न 8: प्रत्यावर्तित परिवर्तन किसे कहते हैं?

उत्तर: ऐसे परिवर्तन जिनमें परिस्थितियाँ उलट देने पर पदार्थ वापस अपनी पूर्व अवस्था में आ जाते हैं, प्रत्यावर्तित परिवर्तन कहलाते हैं। (जैसे: स्प्रिंग को खींचना)।

प्रश्न 9: दूध से दही का बनना कैसा परिवर्तन है और क्यों?

उत्तर: यह एक अप्रत्यावर्तित परिवर्तन है, क्योंकि दही से वापस दूध को प्राप्त नहीं किया जा सकता।

प्रश्न 10: भौतिक परिवर्तन की परिभाषा दीजिए।

उत्तर: ऐसा परिवर्तन जिसमें पदार्थ का केवल रूप या अवस्था बदलती है परन्तु कोई नया पदार्थ नहीं बनता, भौतिक परिवर्तन कहलाता है। जैसे: मोम का पिघलना।

प्रश्न 11: रासायनिक परिवर्तन भौतिक परिवर्तन से कैसे अलग है?

उत्तर: भौतिक परिवर्तन में कोई नया पदार्थ नहीं बनता और इसे उलटा जा सकता है, जबकि रासायनिक परिवर्तन में हमेशा एक नया पदार्थ बनता है और इसे सामान्यतः उलटा नहीं जा सकता (जैसे लकड़ी का जलना)।

प्रश्न 12: मोमबत्ती का जलना और मोम का पिघलना, दोनों में क्या अंतर है?

उत्तर: मोम का पिघलना एक ‘भौतिक परिवर्तन’ है क्योंकि पिघले मोम को फिर से ठोस बनाया जा सकता है। मोमबत्ती का जलना एक ‘रासायनिक परिवर्तन’ है क्योंकि मोम जलकर गैस और ऊष्मा में बदल जाता है जिसे वापस नहीं लाया जा सकता।

प्रश्न 13: प्राकृतिक और कृत्रिम परिवर्तन में क्या अंतर है?

उत्तर: प्रकृति में स्वतः (अपने आप) होने वाले परिवर्तन प्राकृतिक हैं (जैसे: मौसम बदलना), जबकि मनुष्यों द्वारा किए गए परिवर्तन कृत्रिम हैं (जैसे: दूध से घी बनाना या ईंटों से घर बनाना)।

प्रश्न 14: अनियंत्रित परिवर्तन के दो उदाहरण दें।

उत्तर: चन्द्रमा की कलाओं में परिवर्तन और आंधी-तूफान का आना। इन पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं होता।

प्रश्न 15: नियंत्रित परिवर्तन किसे कहते हैं?

उत्तर: ऐसे परिवर्तन जिन पर हमारी इच्छा का नियंत्रण रहता है, नियंत्रित परिवर्तन कहलाते हैं। जैसे: बिजली के पंखे की गति को कम या ज्यादा करना।

प्रश्न 16: जटिल परिवर्तन क्या है?

उत्तर: ऐसे परिवर्तन जिनकी प्रक्रिया बहुत लम्बी और अत्यन्त जटिल होती है, उन्हें जटिल परिवर्तन कहते हैं। जैसे: शरीर में पाचन क्रिया या पेट्रोलियम का निर्माण।

प्रश्न 17: कोयला और पेट्रोलियम का निर्माण किस प्रकार का परिवर्तन है?

उत्तर: यह एक जटिल और प्राकृतिक परिवर्तन है जिसे पूरा होने में करोड़ों वर्ष का समय लगता है।

प्रश्न 18: परिवर्तन में आपसी प्रतिक्रिया से क्या तात्पर्य है?

उत्तर: परिवर्तन के दौरान जब दो पदार्थ एक-दूसरे के सम्पर्क में आते हैं तो वे एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं, जिससे उनके आकार, अवस्था या गुणों में बदलाव आता है। जैसे: ब्लेड से पेन्सिल छीलना।

प्रश्न 19: सौर ऊर्जा से होने वाले किसी एक परिवर्तन का उदाहरण दें।

उत्तर: सोलर कुकर में सौर ऊर्जा का ऊष्मीय ऊर्जा में बदलकर भोजन पकाना।

प्रश्न 20: किस ऊर्जा के कारण तेज आवाज से खिड़कियों के शीशे चटक जाते हैं?

उत्तर: यह परिवर्तन ध्वनि-ऊर्जा के कारण होता है।


अभ्यास प्रश्नों के हल (Exercise Solutions)

1. सही विकल्प को छांटकर अपनी अभ्यास पुस्तिका में लिखिए –

  • (क) भौतिक परिवर्तनों में- (उत्तर: (ii) पदार्थ के अणुओं में कोई परिवर्तन नहीं होता है।) (व्याख्या: भौतिक परिवर्तन में केवल अवस्था बदलती है, कोई नया पदार्थ नहीं बनता।)

  • (ख) निम्नलिखित में से कौन सा प्रत्यावर्तित परिवर्तन है- (उत्तर: (ii) मोम का पिघलना) (व्याख्या: पिघले मोम को ठंडा करके वापस ठोस बनाया जा सकता है। दूध फटना, मोमबत्ती जलना, सब्जी पकना अप्रत्यावर्तित हैं।)

  • (ग) ज्वालामुखी का फूटना – (उत्तर: (iv) अनियमित परिवर्तन है) (व्याख्या: इसका कोई निश्चित समय नहीं होता कि यह कब होगा।)

2. रिक्त स्थानों की पूर्ति अपनी अभ्यास पुस्तिका में करिए –

  • (क) गिलास का टूटना तीव्र / अप्रत्यावर्तित परिवर्तन है। (आप दोनों में से कोई एक लिख सकते हैं)

  • (ख) भौतिक परिवर्तन में वस्तु के भौतिक गुण बदल जाते हैं।

  • (ग) जो परिवर्तन अपनी इच्छा से करते हैं उसे नियंत्रित परिवर्तन कहते हैं।

  • (घ) घड़ी के पेंडुलम का दोलन नियमित परिवर्तन है।

3. सही कथन पर सही का निशान (✓) तथा गलत पर गलत का निशान (✗) लगाएँ –

  • (क) फल को चाकू से काटने पर चाकू तथा फल के बीच पारस्परिक क्रिया होती है। – (✓ सही)

  • (ख) प्रत्येक परिवर्तन के पीछे कोई न कोई कारण अवश्य होता है। – (✓ सही)

  • (ग) चावल का पकना भौतिक परिवर्तन है। – (✗ गलत) (यह रासायनिक/अप्रत्यावर्तित परिवर्तन है)।

4. निम्नलिखित प्रश्नों का उत्तर दीजिए-

  • (क) परिवर्तन कितने प्रकार के होते हैं?

  • उत्तर: परिवर्तन कई प्रकार के होते हैं, जैसे:

    1. मंद एवं तीव्र परिवर्तन

    2. अनुकूल तथा प्रतिकूल परिवर्तन

    3. नियमित तथा अनियमित परिवर्तन

    4. प्रत्यावर्तित (उत्क्रमणीय) तथा अप्रत्यावर्तित (अनुत्क्रमणीय) परिवर्तन

    5. भौतिक तथा रासायनिक परिवर्तन

    6. प्राकृतिक तथा कृत्रिम परिवर्तन

    7. अनियंत्रित तथा नियंत्रित परिवर्तन

    8. जटिल परिवर्तन।

  • (ख) भौतिक तथा रासायनिक परिवर्तन के अन्तर को उदाहरण सहित लिखिये। उत्तर: भौतिक परिवर्तन: वह परिवर्तन जिसमें पदार्थ का रूप बदल जाता है परन्तु कोई नया पदार्थ नहीं बनता और उसे सामान्यतः पूर्व अवस्था में वापस लाया जा सकता है। उदाहरण: नमक का पानी में घुलना या मोम का पिघलना। रासायनिक परिवर्तन: वह परिवर्तन जिसमें एक या एक से अधिक नया पदार्थ बनता है और उसे पूर्व अवस्था में वापस नहीं लाया जा सकता। उदाहरण: लकड़ी का जलना या दूध से दही बनना।

  • (ग) ऊष्मा अवशोषित होने वाले दो परिवर्तन लिखिये।

  • उत्तर: ऊष्मा अवशोषित (Sucking/Taking in heat) होने वाले दो परिवर्तन हैं:

    1. हथेली पर रखे एल्कोहल का वाष्पित होना (शरीर की गर्मी अवशोषित करके)।

    2. धूप में पानी का वाष्पित होना या बर्फ का पिघलना।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top